राज्य शासन के निर्देश पर विशेष ग्राम सभाओं में होगा किसान पंजीयन और फसल विवरण का सत्यापन 3 से 7 नवंबर तक ग्राम पंचायतों में पंजीकृत किसानों और खसरा नंबरों की सूची का होगा वाचन दावा-आपत्तियों का परीक्षण कर 10 नवंबर तक किया जाएगा निराकरण

खबर शेयर करें

सारंगढ़–बिलाईगढ़, । राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा जिले में 3 से 7 नवंबर तक विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें एग्रीस्टैक के अंतर्गत पंजीकृत किसानों की किसान पंजीयन सूची तथा डिजिटल फसल सर्वेक्षण और पीवी के तहत दर्ज फसल संबंधी विवरण का सार्वजनिक वाचन एवं सत्यापन किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित अधिकारियों और मैदानी अमले को ग्राम सभाओं का आयोजन निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शिता और समन्वय के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

विशेष ग्राम सभाओं में संबंधित ग्राम पंचायतों के पंजीकृत किसानों और उनके खसरा नंबरों की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित कर पढ़कर सुनाई जाएगी। साथ ही, पंजीकृत खसरों में डिजिटल फसल सर्वेक्षण के माध्यम से दर्ज फसल विवरण की जानकारी किसानों को दी जाएगी। इससे किसान अपनी भूमि और फसल संबंधी अभिलेखों का अवलोकन कर सकेंगे और किसी त्रुटि अथवा विसंगति की स्थिति में समय रहते दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकेंगे।

किसानों से अपील की गई है कि वे ग्राम सभा में उपस्थित होकर किसान पंजीयन, पंजीकृत खसरा नंबर, भूमि विवरण तथा दर्ज फसल की जानकारी का मिलान करें। किसी प्रकार की त्रुटि या दावा-आपत्ति होने पर संबंधित समिति अथवा ग्राम पंचायत के सचिव या सरपंच के समक्ष जानकारी प्रस्तुत की जा सकती है, ताकि उसका परीक्षण कर समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

ग्राम सभाओं में प्राप्त दावा-आपत्तियों को ग्राम पंचायत और समितियों में संकलित किया जाएगा। आवश्यक जांच एवं भौतिक सत्यापन के बाद तहसीलदार द्वारा मौके पर परीक्षण कर उनका निराकरण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने दावा-आपत्तियों का निराकरण 10 नवंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं, जिससे अभिलेखों में आवश्यक सुधार समय पर किया जा सके।

जिन पंजीकृत खसरों के नंबर सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें किसान पंजीयन पहचान क्रमांक के माध्यम से यूएफआर व्यवस्था के जरिए सूची में जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डिजिटल फसल सर्वेक्षण में दर्ज फसल विवरण में त्रुटि पाए जाने पर संबंधित जानकारी का परीक्षण कर आवश्यक सुधार किया जाएगा।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ग्राम सभाओं में किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्राप्त दावों का समयबद्ध निराकरण कराने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने किसानों से विशेष ग्राम सभाओं में सक्रिय रूप से शामिल होकर अपने अभिलेखों का सत्यापन कराने की अपील की है। सही और अद्यतन जानकारी से पात्र किसानों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

 


खबर शेयर करें

Recent Posts