सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी सुनील शर्मा सख्त, थाना प्रभारियों को दिए कड़े निर्देश
लंबित आपराधिक मामलों और मर्ग प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर, अवैध शराब, गांजा तस्करी, जुआ और सट्टा के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
सारंगढ़-बिलाईगढ़,। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने जिला पुलिस कार्यालय में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल भी उपस्थित रहे। इस दौरान एसपी ने थानों के कामकाज की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के निराकरण और अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने
सभी थाना प्रभारियों से वन-टू-वन चर्चा कर उनके थाना क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबे समय से लंबित आपराधिक मामलों एवं मर्ग प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि विवेचना में अनावश्यक देरी और तकनीकी खामियों के कारण आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
अवैध शराब, गांजा तस्करी और जुआ-सट्टा पर रहेगी सख्त निगरानी
जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं दूसरे राज्यों से गांजा तस्करी की आशंका को देखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। इसके साथ ही जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध भी लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
CCTNS पोर्टल के लंबित कार्य समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने CCTNS पोर्टल पर लंबित ऑनलाइन प्रकरणों एवं आवश्यक प्रविष्टियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली को पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
नए आपराधिक कानूनों के प्रति ग्रामीणों को करें जागरूक
बैठक में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। एसपी ने थाना प्रभारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आम नागरिकों को नए कानूनों के प्रावधानों और उनके लाभों की जानकारी देने तथा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बेहतर पुलिसिंग पर एसपी का जोर
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील, जवाबदेह और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से जिले में भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग की इस समीक्षा बैठक को जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निराकरण और आम जनता के प्रति जवाबदेह पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
