कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने की जिले की कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा प्रशासन और पुलिस के बेहतर समन्वय से कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर समयबद्ध सुधारात्मक कार्य करने पर जोर ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में यातायात पार्क सह शिक्षण केंद्र स्थापित करने की कार्ययोजना, बच्चों और युवाओं को मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्ती, 59 प्रकरणों में 133 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई
सारंगढ़-बिलाईगढ़,। जिले में कानून एवं व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा की उपस्थिति में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था, ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा, आपराधिक दोषमुक्ति प्रकरणों, पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज प्रकरणों की मॉनिटरिंग तथा नारकोटिक्स समन्वय तंत्र (एनसीओआरडी) के अंतर्गत की गई कार्रवाई की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बैठक के प्रत्येक एजेंडा बिंदु की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा प्रशासन एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम श्री डी.एस. राजपूत एवं सुश्री शिक्षा शर्मा सहित अन्य डिप्टी कलेक्टर, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिले में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए राजस्व, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून व्यवस्था से जुड़े विषयों पर सतत निगरानी रखने तथा संवेदनशील मामलों में तत्परता से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई को प्रभावी बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस अमले को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
आगामी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को लेकर प्रशासन सतर्क
बैठक में जिले की वर्तमान कानून व्यवस्था सहित आगामी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। आगामी 18 दिसंबर को संत गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय समारोह, रैलियों एवं अन्य कार्यक्रमों तथा 25 दिसंबर को क्रिसमस पर्व के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके साथ ही बिलाईगढ़ में धौराभाठा जलाशय परियोजना से प्रभावित किसानों की लंबित मुआवजा राशि की मांग को लेकर जारी धरना-प्रदर्शन की स्थिति की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
2,034 प्रकरणों में 3,773 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
बैठक में जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की समीक्षा की गई। प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार 1 जनवरी से 16 नवंबर 2026 तक जिले में कुल 2,034 प्रकरणों में 3,773 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। वहीं 804 प्रकरणों में 1,426 व्यक्तियों को बाउंड ओवर किया गया है। जिला बदर के कुल 10 प्रकरणों की भी समीक्षा की गई, जिनमें पांच प्रकरणों में संबंधित व्यक्तियों को एक वर्ष के लिए जिले से निष्कासित करने की कार्रवाई की गई है, जबकि पांच प्रकरण विचाराधीन हैं। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के प्रकरणों की नियमित समीक्षा तथा लंबित प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन में निर्धारित नियमों और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों, विवाह समारोहों, जुलूसों तथा सार्वजनिक कार्यक्रमों में निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन कराने के साथ ही रात्रिकालीन ध्वनि प्रदूषण पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में डीजे संचालकों की बैठक लेकर निर्धारित नियमों एवं प्रतिबंधों की जानकारी देने तथा बिना अनुमति अथवा निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अस्पतालों, विद्यालयों, न्यायालयों एवं अन्य शांत क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक हॉर्न तथा तेज आवाज पर विशेष नियंत्रण रखने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025 में कोलाहल अधिनियम के तहत दो प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए न्यायालय द्वारा सात हजार रुपये तथा वर्ष 2026 में एक प्रकरण में एक हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए बहुआयामी कार्ययोजना
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पिछले वर्षों में हुई सड़क दुर्घटनाओं, मृतकों एवं घायलों के आंकड़ों का अवलोकन किया गया। प्रस्तुत जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में जनवरी से अक्टूबर तक जिले में 187 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 102 व्यक्तियों की मृत्यु तथा 195 व्यक्ति घायल हुए हैं।
सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली जनहानि में कमी लाने के उद्देश्य से सड़क इंजीनियरिंग, यातायात नियमों का प्रवर्तन, जनजागरूकता एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधा के चार प्रमुख सिद्धांतों (4E) पर आधारित कार्ययोजना की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समन्वित प्रयासों से सड़क सुरक्षा संबंधी उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करते हुए यातायात नियमों के प्रभावी पालन एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
दुर्घटना संभावित स्थलों का होगा तकनीकी परीक्षण, समयबद्ध सुधारात्मक कार्यों के निर्देश
बैठक में पिछले तीन से पांच वर्षों के सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का विश्लेषण कर दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान करने तथा पुलिस, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, परिवहन विभाग एवं स्थानीय निकायों के संयुक्त निरीक्षण से आवश्यक सुधारात्मक कार्य निर्धारित करने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर ने दुर्घटना संभावित स्थलों का जीआईएस आधारित मानचित्र तैयार करने, सड़कों की चौड़ाई, दृश्यता, मोड़, जंक्शन, गति सीमा एवं अन्य सुरक्षा मानकों का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आवश्यक स्थानों पर चेतावनी संकेतक, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर, क्रैश बैरियर, गति सीमा संबंधी बोर्ड, ट्रैफिक सिग्नल, जेब्रा क्रॉसिंग एवं पैदल पार पथ की व्यवस्था करने के साथ ही जर्जर सड़कों की मरम्मत, गड्ढों की भराई, रोड मार्किंग एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, निर्धारित गति सीमा से अधिक गति में वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग के विरुद्ध विशेष जांच अभियान संचालित करने पर जोर दिया। स्कूल बसों, यात्री वाहनों एवं भारी वाहनों की फिटनेस जांच तथा बिना लाइसेंस एवं नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों, मुख्य जिला मार्गों सहित शहरी एवं ग्रामीण सड़कों पर निर्धारित गति सीमा की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार पुनर्निर्धारण करने तथा विद्यालयों, अस्पतालों, बाजारों एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा उपाय अपनाने के संबंध में चर्चा की गई। तेज गति से वाहन चलाने वालों पर नियंत्रण के लिए स्पीड गन, सीसीटीवी कैमरे एवं नियमित पुलिस जांच अभियान के उपयोग को भी कार्ययोजना में शामिल किया गया है।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रमुख चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात बाधाओं को दूर करने, अवैध पार्किंग एवं सड़क अतिक्रमण के विरुद्ध नगरीय निकाय, राजस्व एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई तथा पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया।
ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में यातायात पार्क सह शिक्षण केंद्र की स्थापना की कार्ययोजना
सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति नागरिकों, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चयनित ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में यातायात पार्क सह शिक्षण केंद्र स्थापित करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने इस दिशा में संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया।
इन केंद्रों में लघु मॉडल सड़क, चौराहा, ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतकों एवं यातायात नियमों का प्रदर्शन, विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा ऑडियो-वीडियो एवं डिजिटल शिक्षण सामग्री की व्यवस्था प्रस्तावित है। इसके माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व सहित सुरक्षित यातायात व्यवहार की जानकारी दी जाएगी। नियमित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन भी कार्ययोजना में शामिल है।
कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को न्यूनतम समय में राहत, बचाव एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने दुर्घटना की सूचना मिलने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने तथा पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने पस्को एक्ट के प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
बैठक में आपराधिक दोषमुक्ति प्रकरणों एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) के तहत दर्ज प्रकरणों की समीक्षा की गई। प्रस्तुत जानकारी के अनुसार आपराधिक दोषमुक्ति के समीक्षा योग्य प्रकरणों की स्थिति निरंक है। वहीं पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत विवेचना में एक प्रकरण लंबित है, जिसमें चालान प्रस्तुत किया जाना शेष है। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने ऐसे संवेदनशील प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग, गंभीरतापूर्वक विवेचना तथा निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्ती, 1,142.6 किलोग्राम गांजा एवं 63 वाहन जब्त
नारकोटिक्स समन्वय तंत्र (एनसीओआरडी) के अंतर्गत जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं कारोबार के विरुद्ध की गई कार्रवाई की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि 1 जनवरी से 16 नवंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजा तस्करी के 57 प्रकरण दर्ज करते हुए 129 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इन प्रकरणों में कुल 1,142.6 किलोग्राम गांजा एवं 60 वाहन जब्त किए गए हैं।
इसी प्रकार कोरेक्स कफ सिरप से संबंधित दो प्रकरणों में चार आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 203 नग कफ सिरप एवं तीन वाहन जब्त किए गए हैं। इस प्रकार जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 59 प्रकरणों में 133 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 63 वाहन जब्त किए गए हैं।
कलेक्टर ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने तथा ऐसी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
