मीडिया को देश के लिए खतरा बताने वाले बयान पर जिला प्रेस क्लब ने जताई कड़ी नाराजगी जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय के बयान की निंदा, भविष्य में समाचार कवरेज के बहिष्कार का प्रस्ताव
सारंगढ़। शासकीय महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के समापन चरण के अंतर्गत आयोजित ‘सैनिक एवं वीर सम्मान’ कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय द्वारा अपने संबोधन के दौरान प्रिंट एवं मीडिया को देश के लिए बाहरी ताकतों से भी बड़ा खतरा बताए जाने संबंधी बयान पर जिला प्रेस क्लब ने कड़ी आपत्ति जताई है। प्रेस क्लब ने इस बयान की निंदा करते हुए इसे पत्रकारिता जगत के लिए दुखद और चिंताजनक बताया है।
जिला प्रेस क्लब ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए शासन-प्रशासन, पक्ष-विपक्ष के कार्यक्रमों, जनहित से जुड़े मुद्दों और आम नागरिकों की समस्याओं को प्रमुखता से समाचारों के माध्यम से सामने लाते हैं। सेवा संकल्प अभियान सहित विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों और जनहित के विषयों को भी पत्रकारों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाया है।
प्रेस क्लब का कहना है कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका केवल समाचार प्रकाशित और प्रसारित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसमस्याओं को उठाना, शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करना और जनता की आवाज को जिम्मेदार मंच प्रदान करना भी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व है। ऐसे में मीडिया को देश के लिए खतरा बताने वाला बयान पत्रकारों के योगदान और स्वतंत्र पत्रकारिता की भूमिका पर सवाल खड़े करता है।
जिला प्रेस क्लब ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे लोकतंत्र के सभी स्तंभों का सम्मान करें और पत्रकारिता के प्रति जिम्मेदार एवं सकारात्मक दृष्टिकोण रखें। किसी भी समाचार या मीडिया की कार्यशैली से असहमति होने पर उसका समाधान संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए, न कि पूरे मीडिया जगत को देश के लिए खतरा बताकर।
प्रेस क्लब ने जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय के कथित बयान की कड़ी निंदा करते हुए भविष्य में उनके समाचार कवरेज के बहिष्कार को लेकर प्रस्ताव रखने की बात कही है। क्लब का कहना है कि पत्रकारों के सम्मान, स्वतंत्रता और निष्पक्ष पत्रकारिता की रक्षा के लिए संगठन एकजुट होकर अपनी आवाज उठाएगा।
जिला प्रेस क्लब ने स्पष्ट किया कि पत्रकारिता जनहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और आम नागरिकों की आवाज को मजबूती से उठाने के अपने दायित्व का निर्वहन करती रहेगी।
