ओडिशा के शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना हुईं सारंगढ़-बिलाईगढ़ की 40 महिला पशुपालक, जिला पंचायत अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी

IMG-20261121-WA0008
खबर शेयर करें

सारंगढ़। महिला पशुपालकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन तकनीकों से जोड़ने की दिशा में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। कृषक कौशल विकास योजना के अंतर्गत जिले की 40 महिला पशुपालकों का सात दिवसीय अंतरराज्यीय शैक्षणिक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार, 21 नवंबर 2026 को शुरू हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर महिला पशुपालकों के दल को ओडिशा के लिए रवाना किया।

इस सात दिवसीय भ्रमण में विकासखंड सारंगढ़ की 20 एवं विकासखंड बरमकेला की 20 महिला पशुपालक शामिल हैं। भ्रमण दल ओडिशा के बरगढ़, पिपलिमा, भुवनेश्वर एवं पुरी स्थित विभिन्न पशुपालन, पशु चिकित्सा, कृषि एवं अनुसंधान संस्थानों का दौरा करेगा।

आधुनिक पशुपालन तकनीकों का मिलेगा प्रशिक्षण

भ्रमण के दौरान महिला पशुपालकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों, उन्नत प्रजनन प्रबंधन, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपाय, पशु पोषण, हरा चारा उत्पादन, पशु रोग नियंत्रण एवं जैव सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।

ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

कार्यक्रम के दौरान सारंगढ़ अनुविभागीय अधिकारी दशरथ सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी एवं उपसंचालक महेंद्र पांडेय, जनपद सदस्य एवं कृषि स्थायी समिति की सभापति कोमल शशि पटेल सहित पशुधन विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।

अधिकारियों के अनुसार इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य महिला पशुपालकों के ज्ञान, कौशल एवं कार्यक्षमता में वृद्धि करना है, ताकि वे आधुनिक तकनीकों को अपनाकर पशुपालन व्यवसाय को अधिक लाभकारी बना सकें। इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर आजीविका का बेहतर अवसर मिलेगा।

 

 


खबर शेयर करें

Recent Posts