महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक बनाए गए 40 श्रमिकों को जिला प्रशासन ने कराया मुक्त, सभी सकुशल घर लौटे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35 श्रमिकों सहित जांजगीर-चांपा और सक्ती के श्रमिक भी शामिल कलेक्टर के निर्देश पर श्रम, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

IMG-20261120-WA0016
खबर शेयर करें

सारंगढ़-बिलाईगढ़,। रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र गए छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को बंधक जैसी परिस्थितियों से मुक्त कराकर जिला प्रशासन ने सकुशल उनके गृह ग्राम पहुंचाया है। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35 श्रमिक शामिल हैं। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के के निर्देश पर श्रम, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सभी श्रमिकों को मुक्त कराया। मुक्त कराए गए लोगों में 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं।

जनदर्शन में पहुंची शिकायत, कलेक्टर ने तत्काल लिया संज्ञान

मामले की शुरुआत ग्राम पंचायत उलखर, थाना एवं तहसील सारंगढ़ निवासी एक श्रमिक की शिकायत से हुई। श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर बताया कि महाराष्ट्र के सोलापुर में एक व्यक्ति ने उसके परिवार एवं गांव के अन्य लोगों को रोजगार, रहने, खाने, बीमारी में इलाज और साप्ताहिक मजदूरी भुगतान का भरोसा दिलाकर गन्ना कटाई एवं ट्रक लोडिंग के काम के लिए ले गया था।

आवेदन के अनुसार, वहां श्रमिकों से सुबह से रात 9 बजे तक लगातार काम कराया जा रहा था, लेकिन उन्हें साप्ताहिक मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था। पर्याप्त राशन भी उपलब्ध नहीं कराया जाता था। बीमार होने के बावजूद उनसे काम कराया जाता था। इसके अलावा मारपीट एवं दुर्व्यवहार की शिकायत भी सामने आई। आवेदक ने अपने परिवार के 16 सदस्यों को मजदूरी भुगतान सहित सकुशल वापस लाने की गुहार लगाई थी।

कलेक्टर के निर्देश पर गठित हुई संयुक्त टीम

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने 14 नवंबर 2026 को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद श्रम निरीक्षक श्री डोलमनी माही, राजस्व निरीक्षक श्री दीपक पटेल, सहायक उपनिरीक्षक श्री प्रकाश रजक एवं आरक्षक श्री भूपेंद्र कुमार चंद्रा की संयुक्त टीम गठित कर महाराष्ट्र के सोलापुर भेजी गई।

संयुक्त टीम ने सोलापुर पहुंचकर मामले की जांच की। जांच में श्रमिकों से बंधक जैसी परिस्थितियों में गन्ना कटाई का कार्य कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोलापुर जिला प्रशासन के सहयोग से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया गया और सुरक्षित वापस लाने की व्यवस्था की गई।

तीन जिलों के 40 श्रमिकों की हुई सकुशल वापसी

प्रशासन द्वारा मुक्त कराए गए श्रमिकों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित अन्य गांवों के 35 श्रमिक, जांजगीर-चांपा जिले के 3 श्रमिक तथा सक्ती जिले के 2 श्रमिक शामिल हैं। सभी 40 श्रमिक 20 नवंबर को बचाव दल के साथ सकुशल अपने गृह ग्राम पहुंचे। लंबे समय बाद अपनों के बीच लौटने पर श्रमिकों एवं उनके परिजनों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला प्रशासन ने श्रमिकों से अपील की है कि रोजगार के नाम पर दूसरे राज्यों में ले जाने वाले अनजान ठेकेदारों एवं बिचौलियों के झांसे में न आएं। किसी भी स्थान पर काम करने जाने से पहले संबंधित व्यक्ति एवं कार्यस्थल की पूरी जानकारी प्राप्त करें तथा श्रम विभाग में पंजीयन कराएं। बाहर काम करने के दौरान किसी भी प्रकार के शोषण, बंधक बनाए जाने या परेशानी की स्थिति में तत्काल श्रम विभाग अथवा पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

जिला प्रशासन की इस पहल से तीन जिलों के 40 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी संभव हो सकी है।


खबर शेयर करें

Recent Posts