सरसींवा पुलिस की अवैध महुआ शराब पर कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार; 35 लीटर शराब जब्त

IMG-20261120-WA0015
खबर शेयर करें

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए सरसींवा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 35 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 हजार रुपये बताई गई है। वहीं शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस दीपिका मिंज के निर्देशन में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

मोटरसाइकिल से कर रहे थे महुआ शराब का परिवहन

पहले मामले में 19 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बिना नंबर की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल में हरे रंग की बोरी के अंदर अवैध महुआ शराब लेकर गाडापाली से तेंदुभाठा की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान संजय रात्रे (33 वर्ष) और बृज कुर्रे (33 वर्ष), दोनों निवासी तेंदुभाठा, के कब्जे से 100 पाउच में भरी करीब 18 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। इसकी कीमत 3,600 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ 15 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की।

घर की बाड़ी में बिक्री के लिए रखी थी शराब

वहीं दूसरे मामले में 20 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर ग्राम घरजरा में पुलिस ने राधाबाई साहू (51 वर्ष) के घर की बाड़ी में दबिश दी। तलाशी के दौरान सफेद प्लास्टिक बोरी में रखे 85 पाउच से करीब 17 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत 3,400 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की नजर

सरसींवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाएगी।


खबर शेयर करें

Recent Posts