ग्राम टिमरलगा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन, 104 लोगों ने कराई स्वास्थ्य जांच
सारंगढ़। दी लेप्रोसी मिशन ट्रस्ट इंडिया द्वारा संचालित एमटीएफ (मिशन ट्रांसमिशन फ्री) प्रोजेक्ट के तत्वावधान में 25 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत टिमरलगा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सुबह 10 बजे हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर में कुल 104 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान मधुमेह, रक्तचाप, खुजली, चर्म रोग, कुष्ठ रोग, सर्दी-खांसी, बुखार तथा हाथ-पैर दर्द सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच एवं उपचार किया गया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर प्रोजेक्ट मैनेजर किस्मत नंदा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि कुष्ठ रोग एक साध्य बीमारी है। समय पर पहचान और उचित उपचार कराने से इस बीमारी से पूरी तरह मुक्ति पाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण आज भी समाज में कुष्ठ रोग को लेकर कई तरह की भ्रांतियां फैली हुई हैं। जबकि यह एक जीवाणु जनित रोग है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुष्ठ रोग के लक्षण दिखाई देने पर बिना किसी डर या संकोच के तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराएं।
शिविर में डॉ. सौरभ परीचा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोडम से डॉ. ओ.पी. कुर्रे, टिमरलगा से सीएचओ प्राप्ति नेताम, फिजियोथेरेपिस्ट प्रताप दास, लैब टेक्नीशियन किरण एवं स्टाफ नर्स रजनी ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
ग्राम पंचायत टिमरलगा की सरपंच श्रीमती अनुपमा पटेल एवं पंचगणों ने इस स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए पूरी मेडिकल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर के सफल संचालन में मितानिन हेमा निषाद, रामकुमारी, संतोषी, एमटी प्रेमा लहरे एवं वॉलंटियर कुसुम लहरे की सक्रिय भूमिका रही।
कार्यक्रम के अंत में सीडीओ एम.आर. केवट ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त स्वास्थ्य कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों को गांव में ही बेहतर स्वास्थ्य जांच, उपचार और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराने की इस पहल को क्षेत्रवासियों ने सराहनीय कदम बताया।
