सारंगढ़-बिलाईगढ़ में यातायात पुलिस का तीन दिवसीय विशेष अभियान, 134 वाहन चालकों पर कार्रवाई; ₹80,900 का जुर्माना वसूला

IMG-20261129-WA0005
खबर शेयर करें

हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर पुलिस सख्त, नियमों की अनदेखी करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई

सारंगढ़-बिलाईगढ़, । जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा तीन दिवसीय विशेष जागरूकता एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। 26 से 28 नवंबर तक चले इस अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 134 प्रकरण दर्ज कर ₹80,900 का जुर्माना वसूल किया गया।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल के मार्गदर्शन तथा जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, व्यावसायिक क्षेत्रों एवं राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई।

तीन दिनों में इस तरह हुई कार्रवाई

26 नवंबर: भारत माता चौक, बस स्टैंड, रायगढ़ रोड एवं दनसरा रोड सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 53 प्रकरण दर्ज किए गए। इस दौरान ₹34,700 का जुर्माना वसूला गया। इसमें हेलमेट नहीं पहनने के 29, सीट बेल्ट नहीं लगाने के 10, तीन सवारी के 8 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने के 3 मामले शामिल रहे।

27 नवंबर: जिले के विभिन्न व्यावसायिक एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 50 प्रकरणों में ₹26,800 की चालानी कार्रवाई की गई।

28 नवंबर: नेशनल हाईवे एवं स्टेट हाईवे के किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को हटवाकर चालकों को समझाइश दी गई। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 31 प्रकरण दर्ज कर ₹19,400 का जुर्माना वसूला गया।

हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर पुलिस की सख्त चेतावनी

जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और दोपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाने से बचें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षित सफर की गारंटी

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों के जीवन की जिम्मेदारी भी समझें। वाहनों के शीशों पर प्रतिबंधित काली या रंगीन फिल्म न लगाएं तथा सड़क पर वाहन खड़ा करते समय यातायात व्यवस्था का ध्यान रखें।

पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों को सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने के लिए जागरूकता एवं चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


खबर शेयर करें

Recent Posts