बेमेतरा में चाकू गोदकर युवक का मर्डर:सोशल मीडिया में सतनामी समाज को गाली दी, स्टोरी हटाने बोला तो मार डाला;
बेमेतरा में सतनामी समाज के 1 युवक का मर्डर हुआ है। 25 सितंबर की शाम 7 बजे एक नाबालिग युवक ने टार्जन गायकवाड़ (23 साल) की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है सोशल मीडिया पर समाज को गाली देने के बाद से विवाद चल रहा था, जिसके बाद ये वारदात हुई। मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद रात में ही सतनामी समाज के लोगों ने थाने पहुंचकर हंगामा कर दिया और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग। वहीं, 26 सितंबर की सुबह चक्काजाम की चेतावनी देते हुए मृतक के परिवार में एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और 1 करोड़ मुआवजा मांगा। जिसके बाद प्रशासन ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सोशल मीडिया पर स्टोरी हटाने को कहा इसलिए मारा – पिता मृतक टार्जन अपने पिता गुलाब गायकवाड़ के साथ किराना दुकान में बैठता था। पिता ने थाने में शिकायत कर दोषी को सजा देने की बात कही। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने आरोपी को सोशल मीडिया पर स्टोरी हटाने की बात कही थी, इसलिए उसे नाबालिग युवक ने मार डाला। जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक ग्राम लालपुर का रहने वाला था। आरोपी नाबालिग युवक पास के गांव हरदी का रहने वाला है। एसडीएम दिव्या पोटाई ने कहा कि युवक की डेडबॉडी सम्मान के साथ घर पहुंचाया गया है। चक्काजाम की स्थिति नहीं है। समाज ने ज्ञापन सौंपा है और कार्रवाई की मांग की है।