सारंगढ़ में 4 से 7 अक्टूबर तक सजेगा प्रदेश की शालेय खेल प्रतिभाओं का संगम 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में पांच संभागों के 330 खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर कलेक्टर के निर्देश पर मेजबानी की सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में

IMG_20261003_144502
खबर शेयर करें

सारंगढ़–बिलाईगढ़, । सारंगढ़ का खेलभांठा मैदान 4 अक्टूबर से प्रदेश की उभरती शालेय खेल प्रतिभाओं का साक्षी बनने जा रहा है। जिले को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 की मेजबानी का अवसर मिला है। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के कुल 330 खिलाड़ी सॉफ्टबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से सारंगढ़ पहुंचने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और दलों के स्वागत एवं मेजबानी के लिए जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 4 अक्टूबर को सुबह 11 बजे खेलभांठा मैदान सारंगढ़ में आयोजित होगा। स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी विशिष्ट अतिथि होंगे। समारोह में रायगढ़ लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय तथा नगर पालिका परिषद सारंगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती सोनी अजय बंजारे भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इसे भी पढ़े..  जिला प्रशासन एवं रेड क्रॉस द्वारा, 22 सितंबर को अंगदान घोषणा सह सम्मान समारोह

सॉफ्टबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट में दिखेगा खिलाड़ियों का हुनर

चार दिवसीय प्रतियोगिता में 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका सॉफ्टबॉल, 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक फुटबॉल तथा 17 वर्ष आयु वर्ग की बालिका क्रिकेट स्पर्धाएं आयोजित होंगी। प्रत्येक संभाग से इन खेलों में 34 बालक और 32 बालिकाओं सहित कुल 66 खिलाड़ी भाग लेंगे। इस प्रकार पांचों संभागों से कुल 330 खिलाड़ी सारंगढ़ पहुंचेंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से खेल मैदान में जहां जीत के लिए रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, वहीं अलग-अलग संभागों के खिलाड़ियों के बीच खेल भावना, अनुशासन और आपसी सद्भाव का भी संगम होगा।

इसे भी पढ़े..  Winter Vacation: यूपी, एमपी, दिल्ली, बिहार, राजस्थान में कब तक बंद रहेंगे स्कूल? छुट्टियों पर देखें अपडेट

खिलाड़ियों की मेजबानी के लिए व्यवस्थाओं को दिया जा रहा अंतिम रूप

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के व्यवस्थित, गरिमामय एवं सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी, जिला खेल अधिकारी, नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित संबंधित विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहे हैं। खेल मैदान को प्रतियोगिताओं के अनुरूप तैयार करने के साथ खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के आवास, भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा और आवागमन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों, शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों के ठहरने के लिए भी समुचित व्यवस्था की जा रही है। कलेक्टर ने आवास स्थलों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, खिलाड़ियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्व समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। आयोजन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था की सतत निगरानी करते हुए प्रतियोगिता प्रारंभ होने से पहले तैयारियां पूर्ण करने पर जोर दिया गया है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी से सारंगढ़-बिलाईगढ़ के स्थानीय खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और खेलप्रेमियों को प्रदेश की उभरती शालेय खेल प्रतिभाओं को करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, खेलप्रेमियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से उद्घाटन समारोह और प्रतियोगिताओं में उपस्थित होकर प्रदेशभर से आने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।


खबर शेयर करें

Recent Posts