बिलासपुर में साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत बुजुर्ग को अपना निशाना बनाकर लाखों की ठगी को अंजाम दिया है।

orig_untitled_1600030651
खबर शेयर करें

By अमर उजाला न्यूज़ नेटवर्क ,,,

बिलासपुर में साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत बुजुर्ग को अपना निशाना बनाकर लाखों की ठगी को अंजाम दिया है। बुजुर्ग लगातार फोन पर अलग-अलग कॉल से साइबर ठगों के झांसे में आ गए और रकम कई गुना करने के लालच में ठगी के शिकार हो गए। दरअसल बिलासपुर में स्टॉक मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर आरोपियों ने वृद्ध से 46 लाख 20 हजार रूपए ट्रांसफर करा लिए। वृद्ध ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। फिर ठगी का अहसास होने पर बुजुर्ग ने साइबर थाने में मामले की शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है जांच शुरू कर दी गई है।  

मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकरापारा निवासी गुरमीत सिंह जो लायजेस्टिक प्राइवेट लिमिटेड से वर्ष 2020 में रिटायर हुए थे। वृद्ध बीते 8 सितंबर 2024 को अपने घर में ही थे, इसी दौरान उनके मोबाइल में किसी अमीन मलिक नाम के युवक का स्टॉक मार्केट से संबंधित एक मैसेज आया। मलिक ने बुजुर्ग को झांसे में लेते हुए वाट्सएप में ही चैट कर बताया कि स्टॉक मार्केट से मोटी रकम कमाई जा सकती है। जिसके बाद प्रियंका गर्ग नामकी एक युवती का गुरमीत सिंह के पास कॉल आया। वह लगातार उन्हें रूपए डालने और मोटा मुनाफा दिलाने की झांसा देने लगी। झांसे में आकर उन्होंने 50 हजार रूपये जमा कराए, इस पर आरोपियों ने और रूपए जमा करने को कहा। ठगों के द्वारा बार- बार यह कहा गया कि जितनी ज्यादा रकम जमा होगी उतना ज्यादा फायदा होगा। फिर लालच में आकर प्रार्थी गुरमीत सिंह ने किस्तों में कुल 46 लाख 20 हजार रूपए आरोपियों के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। यह सब मात्र 10 दिनों में किया गया। इसके बावजूद आरोपी उनसे और रूपए जमा कराने की बात कहने लगे, इस पर गुरमीत ने कहा कि मेरा पहले का रूपए वापस करो, इसके बाद रूपए ट्रांसफर करूंगा। यह सुनते ही आरोपियों ने अपना नंबर बंद कर दिया। वहीं गुरमीत सिंह का ट्रेडिंग एकाउंट भी बंद कर दिया। जिसके बाद गुरमीत को ठगी होने का अहसास हुआ और अब शिकायत पर साइबर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

खबर शेयर करें

Recent Posts