शराब पीने के लिए रुपए नहीं दिए शराबी ने मां-पिता और बहन को पीटा
जांजगीर में युवक ने अपने पिता से शराब के लिए रुपए मांगा, मगर पिता ने रुपए देने से इंकार कर दिया।तो रुपए नहीं मिलने से नाराज युवक ने अपने ही पिता सहित मां और बहन के साथ मारपीट की। इधर वारदात के बाद पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। यह मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार नवागढ़ थाना अंतर्गत ग्राम कर्रा का रहने वाला ग्रामीण रामाधार कश्यप अपने परिवार के साथ घर पर था, घर पर उसकी बेटी का रिश्ता तय करने लड़के वाले आने वाले थे। इसी बीच उसका बेटा प्रेमसागर घर पहंुचा और रामाधार से शराब के लिए रुपए मांगे मगर रामाधार ने उसे शराब के लिए रुपए से मना कर दिया। रुपए नहीं मिलने से प्रेमसागर गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करने लगा। इधर रामाधार ने उसे गाली-गलौज करने से मना किया तो प्रेमसागर अपने पिता के साथ मारपीट करने लगा। इसी बीच रामाधार की पत्नी शांति देवी और बेटी भारती भी बीच बचाव करने पहुंची लेकिन प्रेमसागर उनके साथ मारपीट करने लगा। झगड़े की खबर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और बीच-बचाव किया। वारदात के बाद रामाधार थाने पहुंचा और इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। बहरहाल पुलिस ने प्रार्थी पिता की रिपोर्ट पर मामले में आरोपी युवक प्रेमसागर के खिलाफ को गिरफ्तार किया है।