भाजपा स्थापना दिवस व अंबेडकर जयंती पर बैठक संपन्न
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक जिला प्रभारी निर्मल सिन्हा के आतिथ्य में और भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई । यह बैठक भाजपा कार्यालय पटेल धर्मशाला में सैकड़ों भाजपा पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई ।बैठक में 6 अप्रैल को भाजपा स्थापना दिवस और 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को बुथ स्तर पर भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया साथ ही 7 से 14 अप्रैल तक गांव चलो अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत प्रत्येक कार्यकर्ता गांव में 8 घंटे समय बिताएंगे और जनसंपर्क करेगे । इसके अतिरिक्त 4 अप्रैल को मंडलों में विशेष बैठक आयोजित होगी, वहीं 8 और 9 अप्रैल को 12 मंडलों में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन होगा । भाजपा मंडलों में संगोष्ठियों, जनसभाओं और अन्य आयोजनों के माध्यम से पार्टी की विचारधारा और डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी । बैठक में संगठन को और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई । इन सभी कार्यों के लिए अलग-अलग भाजपा पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है ।